Vijaypat Singhania Death: रेमंड के पूर्व एमडी विजयपत सिंघानिया का निधन, जानें उनकी विरासत के बारे में
Vijaypat Singhania Death: रेमंड ग्रुप (Raymond Group) के पूर्व चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति विजयपत सिंघानिया (Vijaypat Singhania) का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके बेटे और वर्तमान चेयरमैन गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा।
गौतम सिंघानिया ने अपने संदेश में पिता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि वे एक “दूरदर्शी नेता और समाजसेवक थे, जिनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”
विजयपत सिंघानिया: बिजनेस टायकून से लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर तक
विजयपत सिंघानिया का व्यक्तित्व केवल बिजनेस तक सीमित नहीं था। वे एक साहसी एविएटर और रिकॉर्ड बनाने वाले इंसान भी थे, साल 2005 में 67 वर्ष की उम्र में उन्होंने हॉट एयर बैलून से 69,000 फीट की ऊंचाई छूकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। 1988 में उन्होंने अकेले माइक्रोलाइट विमान से लंदन से दिल्ली तक की उड़ान भरी थी। जिसके लिए भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया। इसके अलावा उन्हें ‘तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड’ भी मिला। भारतीय वायुसेना ने उन्हें ‘मानद एयर कमोडोर’ बनाया और 2006 में वे मुंबई के ‘शेरिफ’ भी नियुक्त हुए।
रेमंड को बनाया ग्लोबल ब्रांड
विजयपत सिंघानिया ने 1980 में कंपनी की कमान संभाली और इसे एक आधुनिक इंडस्ट्रियल ग्रुप के रूप में स्थापित किया। उन्होनें 1986 में पार्क एवेन्यू (Park Avenue) जैसे प्रीमियम ब्रांड को लॉन्च कर पुरुषों के फैशन को नई दिशा दी। जिसके बाद 1990 में ओमान में पहला विदेशी शोरूम खोला। साथ ही 1996 में देश में एयर चार्टर सेवाओं की शुरुआत भी की।
पिता-पुत्र के बीच संपत्ति विवाद रहा चर्चा में
विजयपत सिंघानिया का अंतिम समय पारिवारिक विवादों के कारण काफी सुर्खियों में रहा। 2015 में कंपनी की बागडोर बेटे गौतम को सौंपने के बाद दोनों के बीच दूरियां आ गईं। विजयपत ने आरोप लगाया था कि उन्हें उनके अपने घर ‘जेके हाउस’ से निकाल दिया गया और वे किराए के मकान में रहने को मजबूर हुए। जिसके बाद मार्च 2024 में गौतम सिंघानिया ने पिता के साथ एक फोटो पोस्ट कर सुलह के संकेत दिए थे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद विजयपत सिंघानिया ने इन दावों को खारिज कर दिया था।
रेमंड ग्रुप का गौरवशाली इतिहास
1925 में ठाणे (महाराष्ट्र) में एक छोटी सी ऊनी मिल के रूप में शुरू हुई रेमंड आज दुनिया का सबसे बड़ा सूट निर्माता ब्रांड है। सेना की वर्दी बनाने से लेकर आम लोगों के लिए ‘द कंप्लीट मैन’ (The Complete Man) की पहचान बनाने तक, इस सफर में विजयपत सिंघानिया का योगदान अतुलनीय रहा है।












