Jharkhand: बाघमारा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित मुखिया पति शंकर बेलदार गोलीकांड मामले में फरार चल रहा नामजद आरोपी विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ विशु आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी ने स्वीकार की संलिप्तता
बाघमारा एसडीपीओ पीके सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान विश्वजीत ने अगस्त माह में हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने देसी पिस्टल (7.65 एमएम बोर) और दो जिंदा गोली बरामद की हैं।
कई आपराधिक मामलों में नामजद
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी तेलोटांड़ निवासी विश्वजीत चक्रवर्ती के खिलाफ पहले से ही बाघमारा थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
गिरफ्तारी अभियान में पुलिस निरीक्षक मुकेश चौधरी (कतरास अंचल), थाना प्रभारी अजीत कुमार (बाघमारा), साधन कुमार (बरोरा), राहुल कुमार झा (हरिहरपुर), संतन कुमार (बाघमारा), सहायक निरीक्षक सुदर्शन राम (बाघमारा) एवं आरक्षी बिट्टू कुमार शामिल थे।












