झारखंड में आज फिर से मौसम करवट ले सकता है. दिन में तीखी धूप के बावजूद दोपहर बाद से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी रांची सहित दक्षिणी और मध्य झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आसमान में अचानक बादल छाने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के बीच बारिश होने की आशंका है.
वज्रपात और आंधी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, आज रांची में अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि कई क्षेत्रों में वज्रपात और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. खासकर राज्य के पूर्वी हिस्सों में गर्मी और उमस से हालात और बिगड़ सकते हैं.
हीटवेव का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 13, 14 और 15 मई के लिए हीटवेव अलर्ट भी जारी किया है. इन तीन दिनों में राज्य के पूर्वी इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है.
राहत की उम्मीद भी
हालांकि राहत की बात यह है कि 16 और 17 मई को मौसम में फिर से बदलाव के आसार हैं. इन दो दिनों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक लौट सकती है.
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम अलर्ट का पालन करें, विशेषकर खुले स्थानों में वज्रपात से बचने के लिए सावधानी बरतें और हीटवेव के दौरान घर से बाहर निकलने से पहले सुरक्षा उपाय जरूर अपनाएं.
संवाददाता, खबर मन्त्र। रांची और आसपास के ग्रामीण अंचलों की नागरिक समस्याएं, मौसम, सड़क हादसे और स्थानीय हलचल की ग्राउंड रिपोर्टिंग।







