कोलकाता: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है. राज्य की भाजपा सरकार अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ (Paschim Banga) करना चाहती है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 23 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक के बाद इसकी घोषणा की. सरकार इस संबंध में आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, 9 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा. खास बात यह है कि नाम में बदलाव केवल हिंदी या बांग्ला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अंग्रेजी में भी राज्य का नाम बदला जाएगा. इसके तहत ‘West Bengal’ की जगह ‘Paschim Banga’ नाम इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है.
क्यों बदलना चाहती है सरकार राज्य का नाम?
राज्य सरकार का तर्क है कि पश्चिम बंगाल का गठन 20 जून 1947 को देश के विभाजन के दौरान हुआ था. सरकार का मानना है कि राज्य के नाम में ‘पश्चिम’ शब्द बनाए रखने से विभाजन के उस ऐतिहासिक संदर्भ की याद जुड़ी रहती है. इसी वजह से अब राज्य की पहचान को नया नाम देने की तैयारी की जा रही है.
ममता बनर्जी सरकार ने भी की थी नाम बदलने की कोशिश
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिश पहले भी हो चुकी है. इससे पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य का नाम ‘पश्चिम बांग्ला’ (Paschim Bangla) रखने का प्रस्ताव तैयार किया था. हालांकि, मौजूदा भाजपा सरकार इस नाम के पक्ष में नहीं है.
वर्तमान सरकार का तर्क है कि ‘पश्चिम बांग्ला’ नाम सुनने में बांग्लादेश जैसा लगता है. इसलिए सरकार ‘पश्चिम बंगा’ (Paschim Banga) नाम को आगे बढ़ाना चाहती है.
विधानसभा की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
फिलहाल राज्य सरकार की ओर से नाम बदलने का प्रस्ताव विधानसभा में लाने की तैयारी है. 9 दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र में इस पर चर्चा होने की संभावना है. प्रस्ताव के बाद नाम परिवर्तन की संवैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी.
अगर यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो पश्चिम बंगाल की पहचान हिंदी, बांग्ला और अंग्रेजी में नए नाम ‘पश्चिम बंगा’ के रूप में बदल सकती है.

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







