Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान आज 22 जुलाई को रांची पहुंच रहे हैं। वे सुबह 11:55 बजे भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे, जहां झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी उनका भव्य स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने निर्धारित ठिकाने पर जाएंगे और 23 जुलाई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेंगे।
राजभवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह
23 जुलाई की सुबह 10 बजे राजभवन, रांची में जस्टिस चौहान झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के मंत्री, वरिष्ठ न्यायाधीश, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
परिवार के 60 सदस्य होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह को और खास बनाने के लिए जस्टिस चौहान के परिवार के 50-60 सदस्य भी रांची पहुंच चुके हैं। उनके परिजनों और मेहमानों के ठहरने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस और शहर के विभिन्न होटलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कौन हैं जस्टिस तरलोक सिंह चौहान?
- जस्टिस चौहान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीशों में शामिल रहे हैं।
- स्कूली शिक्षा शिमला से और कानून की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से पूरी की।
- वर्ष 1989 में हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में नामांकन कर वकालत की शुरुआत की।
- 2014 में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त हुए और उसी साल स्थायी न्यायाधीश बने।
- न्यायिक सेवा के दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक और जनहित के फैसले दिए।
Read More: अब राजभवन के सामने नहीं होगा प्रदर्शन! जानिए धरना स्थल को क्यों शिफ्ट कर रहा है प्रशासन
झारखंड न्यायपालिका को उम्मीदें
जस्टिस चौहान के अनुभव और निष्पक्ष छवि से उम्मीद की जा रही है कि झारखंड हाईकोर्ट में पारदर्शिता और न्यायिक प्रक्रिया को नई मजबूती मिलेगी। वे न्यायपालिका को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं।












