Jharkhand News: झारखंड में इस साल सर्दी कुछ खास रंग लेकर आ रही है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से ही राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। रांची, बोकारो, गिरिडीह जैसे इलाकों में लोग अब हल्के स्वेटर और जैकेट पहनने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार ला नीना प्रभाव के चलते राज्य में सामान्य से अधिक ठंड पड़ सकती है।
तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज
पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। लातेहार में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि रांची, खूंटी और धनबाद में रात का पारा 18 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड का असर और गहराएगा और दूसरे सप्ताह से कंपकंपी छूटने लगेगी।
Read more- धनतेरस 2025: कब करें खरीदारी, कब जलाएं यम दीप- जानिए सब कुछ एक क्लिक में
धनतेरस पर रहेगा साफ और सुहावना मौसम
धनतेरस के दिन मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। न तो बारिश होगी और न ही घने बादल छाएंगे। लोग बाजारों में बिना किसी मौसम की परेशानी के खरीदारी कर सकेंगे। हालांकि, शाम के समय हल्की गुलाबी ठंड महसूस की जा सकती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।
दिवाली पर हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर, दिवाली के दिन राज्य के दक्षिणी जिलों – पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसांवा में हल्की बारिश और गरज के साथ बादल छाने की संभावना जताई है। अन्य जिलों में आसमान हल्के बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा।
Read more- लोअर बाजार थाने के ASI, हवलदार और सिपाही सस्पेंड, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
छठ के बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड
छठ पर्व के बाद राज्य में ठंड अपने चरम पर पहुंचेगी। उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम को कोहरा छाने लगेगा और तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह से झारखंड में कंपकंपी वाली सर्दी शुरू हो जाएगी।












