Ranchi: आम जनता की शिकायतों का तत्काल समाधान करने और पुलिस-जनता के बीच संवाद को विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से बुधवार 8 जुलाई को Budhmu थाना परिसर में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस शिविर में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा तथा ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
32 आवेदन प्राप्त, कई मामलों का हुआ तत्काल निष्पादन
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के दौरान बुढ़मू थाना क्षेत्र से 28 तथा ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से 4, यानी कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कई मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया, जबकि भूमि विवाद से जुड़े मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अंचलाधिकारी के पास अग्रसारित कर दिया गया।
चार गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को सौंपे
कार्यक्रम के दौरान Budhmu Police ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए चार मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
समय-समय पर आयोजित होगा जन शिकायत समाधान कार्यक्रम
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस प्रकार के जन शिकायत समाधान कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की सूचना पहले से समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर निःसंकोच पुलिस के पास आएं। प्रत्येक आवेदन पर निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही लोगों से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े सुझाव भी देने की अपील की गई, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









