Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सिंह मोड़ लटमा रोड स्थित एक घर में युवक का फांसी के फंदे में लटकता हुआ शव मिलने से सनसनी मच गई। मृतक की पहचान सन्नी कच्छप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
काफी देर तक हलचल नहीं होने से परिजनो को हुआ शक
मिली जानकारी के मुताबिक सन्नी कच्छप अपने कमरे में थे। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को चिंता हुई। कमरे में देखने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल किसी स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।









