Ranchi: JPSC के हालिया परीक्षा परिणाम को लेकर उठ रहे विवाद के बीच युवा आजसू ने रांची में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और अभ्यर्थियों ने बापू वाटिका से JPSC कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने आयोग द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा परिणाम में कथित विसंगतियों की निष्पक्ष जांच और परिणाम को फिलहाल स्थगित करने की मांग की।
JPSC कार्यालय के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर तिरंगा लहराने लगे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा।
परीक्षा परिणाम की स्वतंत्र जांच CBI से कराने की मांग
ज्ञापन में युवा आजसू ने कई प्रमुख मांगें रखीं। संगठन ने परीक्षा परिणाम की स्वतंत्र जांच CBI या सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने की मांग की। इसके साथ ही परिणाम जारी होने के बाद श्रेणीवार कट-ऑफ सार्वजनिक करने और मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए कम से कम 90 दिन का समय देने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने यह भी कहा कि यदि परिणाम पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं हैं, तो आयोग को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल OMR शीट का हवाला देते हुए संदिग्ध मामलों में फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता, प्रदेश संयोजक प्रताप सिंह, छात्र संघ प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा सहित कई नेता, अभ्यर्थी और बड़ी संख्या में युवा आजसू कार्यकर्ता शामिल हुए। फिलहाल आयोग की ओर से इन मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









