रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणाम को लेकर आजसू पार्टी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव लंबोदर महतो और महासचिव संजय मेहता ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परिणाम की पारदर्शिता पर संदेह जताया।
आजसू ने मांग की है कि आयोग सभी श्रेणियों का कटऑफ सार्वजनिक करे, परिणाम की वैधानिकता स्पष्ट करे और जब तक सभी विवादों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मेन्स परीक्षा आयोजित न की जाए। पार्टी ने पूरे मामले की CBI जांच कराने की भी मांग की है।
आयोग की कार्यशैली पर उठाए सवाल
लंबोदर महतो ने कहा कि आयोग की कार्यशैली से परिणाम पूरी तरह पारदर्शी नहीं दिखता। उनका कहना था कि यदि परीक्षा निष्पक्ष हुई है तो आयोग को सभी श्रेणियों का कटऑफ जारी करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया में परिणाम को लेकर कई गंभीर सवाल उठे हैं, लेकिन आयोग ने अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
हरियाणा और यूपी के अभ्यर्थियों को लेकर उठाया मुद्दा
महासचिव संजय मेहता ने दावा किया कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी का संबंध हरियाणा से है। उन्होंने कहा कि अनारक्षित वर्ग की 50 सीटों के लिए पीटी में सफल घोषित 1122 अभ्यर्थियों में से 418 अभ्यर्थी हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। इस पूरे मामले पर आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कटऑफ और उत्तर कुंजी सार्वजनिक करने की मांग
आजसू ने आयोग से एसटी, एससी, ओबीसी-1, ओबीसी-2 और ईडब्ल्यूएस सहित सभी श्रेणियों का अलग-अलग कटऑफ जारी करने की मांग की है। साथ ही पार्टी का कहना है कि संबंधित अभ्यर्थियों की उत्तर कुंजी भी सार्वजनिक की जाए, ताकि अन्य उम्मीदवार अपने अंकों और चयन प्रक्रिया का मिलान कर सकें।
परिणाम की वैधानिकता पर भी सवाल
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि परीक्षा परिणाम तैयार करने वाली एजेंसी की रिपोर्ट पर आयोग के सभी सदस्यों की सहमति नहीं थी, तो ऐसे परिणाम की वैधानिकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उनका कहना है कि आयोग को इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
OMR शीट और चयन प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
संजय मेहता ने कहा कि 103 रिक्त पदों के लिए कुल 2204 अभ्यर्थियों को पीटी में सफल घोषित किया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ अभ्यर्थियों की कथित OMR शीट वायरल होने के बाद चयन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कम प्रश्न हल करने वाले कुछ अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है। पार्टी ने आयोग से इन आरोपों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
832 अभ्यर्थियों के क्रमांक गायब होने का आरोप
आजसू ने यह भी दावा किया कि परिणाम सूची में क्रमबद्ध तरीके से 832 अभ्यर्थियों के रोल नंबर नहीं दिखाई दे रहे हैं। पार्टी ने पूछा कि क्या ये अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित थे या उनका चयन नहीं हुआ। आयोग को इस संबंध में भी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
मेन्स परीक्षा पर रोक लगाने की मांग
पार्टी का कहना है कि पीटी परीक्षा के बाद मेन्स परीक्षा के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। केवल कुछ दिनों के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर परीक्षा आयोजित करना व्यवहारिक नहीं है। आजसू ने मांग की है कि जब तक पीटी परिणाम से जुड़े सभी विवादों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मेन्स परीक्षा स्थगित रखी जाए।
सरकार पर भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आजसू ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि अधिकारियों की कमी के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था चलाने के लिए एक ही अधिकारी को बीडीओ और सीओ की जिम्मेदारी देने का निर्णय सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
आजसू ने घोषणा की कि यदि आयोग और सरकार ने अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी का कहना है कि झारखंड के युवाओं को समय पर प्रतियोगी परीक्षाएं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया मिलनी चाहिए।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









