रांची : राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार रात बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिलेभर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 150 से ज्यादा लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया गया।
जानकारी के अनुसार, जिले में कई मामलों में नामजद सैकड़ों अपराधी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार सूचना जुटा रही थी। इसी को लेकर शनिवार देर रात विशेष रणनीति के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान शुरू किया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से अपराधियों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस टीमों ने चिन्हित ठिकानों पर दबिश देकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं कोर्ट द्वारा जारी गैर-जमानती समेत अन्य लंबित वारंटों पर भी त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रातभर चले इस अभियान के बाद सभी गिरफ्तार अपराधियों की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सभी आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
रांची पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








