रांची: राजधानी रांची में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत के बीच रांची पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। आम जनता को हो रही परेशानियों और कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। एक ओर जहां पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर जमाखोरी और अवैध भंडारण की जांच की गई, वहीं दूसरी ओर शराब दुकानों के आसपास अड्डेबाजी और सड़क किनारे शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया।
पिछले कुछ दिनों से राजधानी समेत पूरे झारखंड में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरत भर ईंधन के लिए भी परेशान हो रहे हैं। इस बीच कुछ पेट्रोल पंप संचालकों पर स्टॉक छिपाकर कालाबाजारी करने और सीमित मात्रा में तेल देने के आरोप भी लग रहे हैं।
इसी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार देर रात राजधानी के कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, आपूर्ति व्यवस्था और ग्राहकों को दिए जा रहे ईंधन की स्थिति की जांच की। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में जमाखोरी, अवैध भंडारण या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद लोगों को तेल नहीं दिया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और यदि कोई भी संचालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शराब दुकानों के पास अड्डेबाजी पर पुलिस का अभियान
ईंधन संकट के साथ-साथ शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस लगातार सक्रिय दिखी। राजधानी के कई इलाकों से शिकायत मिल रही थी कि शराब दुकानों के आसपास लोग समूह बनाकर सड़क किनारे शराब पीते हैं और हुड़दंग करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी होती है।
इन शिकायतों के आधार पर अरगोड़ा थाना पुलिस ने शाम के समय विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम जैसे ही शराब दुकानों के पास पहुंची, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी शराब की बोतलें छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को रोककर पूछताछ की और शराब दुकान संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि उनकी दुकानों के आसपास किसी भी तरह की अड्डेबाजी या अवैध जमावड़ा नहीं होना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और आम लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।
जनता को राहत देने की कोशिश
रांची पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना और शहर में व्यवस्था बनाए रखना है। पेट्रोल-डीजल संकट के बीच प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








