Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित पंचखेरो जलाशय में बारिश के बाद बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई। किसानों के मुताबिक, करीब 20 टन मछलियां मरने से उन्हें लगभग एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लगातार बारिश के कारण जलाशय का जलस्तर बढ़ने से मौत की आशंका
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जलाशय का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव और ऑक्सीजन का स्तर घटने से मछलियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
अरकोसा पुनर्वास योजना के तहत स्थानीय मत्स्य पालक अजीत वर्मा, महेश वर्मा समेत अन्य किसानों ने समूह बनाकर जलाशय में केज कल्चर के जरिए तेलापिया मछली पालन शुरू किया था। मछलियां करीब एक किलोग्राम वजन की हो चुकी थीं। किसान कुछ ही दिनों में इन्हें स्थानीय और बाहरी बाजारों में बेचने की तैयारी कर रहे थे।
बैंक और महाजनों से कर्ज लेकर कारोबार शुरू किया था
मत्स्य पालकों का कहना है कि उन्होंने बैंक और महाजनों से कर्ज लेकर कारोबार शुरू किया था। अब मछलियों की मौत से उनकी पूंजी डूब गई है और आजीविका पर संकट आ गया है। किसानों ने जिला प्रशासन और मत्स्य विभाग से जलाशय का निरीक्षण कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Read More- कोडरमा में मां से मिलने जा रही नाबालिग के अपहरण का आरोप, चार युवक हिरासत में
वहीं, मत्स्य पदाधिकारी विजय कुमार ने लगातार बारिश के कारण पानी में ऑक्सीजन की कमी को मछलियों की मौत की संभावित वजह बताया। उन्होंने कहा कि यह कच्चा व्यापार है और इसमें बीमा या जिला प्रशासन की ओर से मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









