Ranchi: भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सतीश पॉल मुंजनी, गजेंद्र सिंह और शांतनु मिश्रा भी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्य्क्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय एवं अविस्मरणीय है। स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ नेतृत्व, साहसिक निर्णय और देश की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उनका जीवन देश की सेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।









