Jharkhand: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार करवट बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे तापमान और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है, लेकिन आज यानी 6 जून को राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने की उम्मीद है। मौसम विभाग (IMD Ranchi) के मुताबिक, आज राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जिससे तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
गुरुवार को मेदिनीनगर सबसे गर्म, रांची में रही उमस
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मेदिनीनगर का पारा सबसे हाई रहा और अधिकतम तापमान 41°C तक पहुंच गया। जमशेदपुर स्टील सिटी में भी सूरज के तेवर तल्ख रहे और तापमान 40.3°C दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.6°C रहा। हालांकि, बीती रात रांची के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया।
Read More: Excessive yawning: क्या दूसरों को देख आपको भी आती है जम्हाई? जानें इसके पीछे का वैज्ञानिक सच
6 जून को कैसा रहेगा मौसम? (Weather Alert Today)
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज 6 जून को दोपहर के बाद राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। 6 जून को उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों को छोड़कर, राज्य के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात (Lightning) और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की संभावना है।
आज रांची समेत कई इलाकों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है।
Jharkhand Weather Update: 8 जून के लिए भी पूर्वानुमान
मौसम का यह बदलाव आगे भी जारी रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 जून को भी राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका जताई गई है।
मानसून की रफ्तार हुई धीमी, झारखंड में कब होगी एंट्री? (Jharkhand Monsoon Update 2026)
केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे देश में वर्षा ऋतु की शुरुआत हो चुकी है। लेकिन झारखंड के लोगों को अभी इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) की गति फिलहाल धीमी है, जिसका असर इसके आगे बढ़ने की रफ्तार पर पड़ रहा है। राज्य में मानसून 17 से 20 जून 2026 के बीच संताल परगना के रास्ते प्रवेश कर सकता है। तब तक राज्य में गर्मी और उमस का माहौल बना रहेगा, हालांकि स्थानीय प्रभाव के कारण बीच-बीच में गरज वाले बादल बनेंगे और हल्की बारिश से फौरी राहत मिलती रहेगी।
मौसम खराब होने पर वज्रपात से बचने के लिए पक्के मकानों या सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
ये भी देखें: CCTV में आखिरी बार दिखी, फिर बंद हो गए सभी कैमरे… आखिर कहां है मासूम Aditi Pandey?










