Dhanbad: धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन WILEP के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 78 जीवित कछुए बरामद किए। कछुए ट्रेन संख्या 13010 योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस से मिले। सभी कछुए Indian Flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के बताए गए हैं।बरामदगी के बाद कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
सीटों के पास चार लावारिस थैले और पिठ्ठू बैग में जीवित कछुए मिले
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट धनबाद के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम 11-12 सितंबर की रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान करीब 2:30 बजे धनबाद स्टेशन पहुंची दून एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच की जांच की गई। सीटों के आसपास चार लावारिस थैले और पिठ्ठू बैग मिले। पूछताछ के दौरान किसी यात्री ने इन पर अपना दावा नहीं किया।
मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई
संदेह होने पर बैगों को प्लेटफॉर्म संख्या एक पर उतारकर जांच की गई। एक सफेद कपड़े के थैले से 31, डेनिम रंग के बैग से 16, हरे बैग से 19 और नीले बैग से 12 जीवित कछुए मिले। कुल 78 कछुए बरामद हुए।
आरपीएफ ने कछुओं को जब्त कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया। मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







