रांची: राजधानी रांची को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. 3 जुलाई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बहुप्रतीक्षित रातु एलिवेटेड फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे. करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर से राजधानी के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है.
इस सिलसिले में सोमवार को रांची सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रेसवार्ता कर उद्घाटन की तैयारियों और रांची की मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान प्रेस वार्ता में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जयशवाल शामिल हुआ. जहां सभी नेताओं ने नगर निगम, बिजली आपूर्ति और स्मार्ट मीटर, नगर निकाय चुनाव, ट्रैफिक चालान जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला.
नगर निगम पर गंभीर आरोप
संजय सेठ ने कहा कि रांची नगर निगम की कार्यशैली पूरी तरह फेल हो चुकी है. बारिश में नालियां तलाब बन गईं और बड़े नाले नदी की शक्ल ले चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अब बिजली बिल पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाने की तैयारी में है, जो जनता की जेब पर सीधा बोझ है. पहले जिनका बिजली बिल 200 रुपये आता था, आज वह 4000 हो गया है. उन्होंने रांची समेत सिल्ली और ईचागढ़ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बदहाली पर नाराजगी जताई. बिजली आपूर्ति कर नहीं पा रहे हैं और ऊपर से टैक्स लगा रहे हैं, संजय सेठ ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे को भी उठाया और इसे आम आदमी के लिए परेशानी बताया.
नितिन गडकरी के दौरे की जानकारी
संजय सेठ ने बताया कि नितिन गडकरी 3 जुलाई को सुबह 8 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 2 बजे रांची पहुंचेंगे. उनका स्वागत एयरपोर्ट पर आदिवासी परंपरा के अनुसार किया जाएगा. इसके बाद वे बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देंगे और फिर अड़गोड़ा, हरमू चौक होते हुए रातु फ्लाईओवर के उद्घाटन स्थल पर पहुंचेंगे. संभावना है कि कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 11 बजे किया जाएगा, हालांकि बारिश को देखते हुए समय में बदलाव संभव है.
सीपी सिंह भी बरसे निगम पर
वहीं, रांची विधायक सीपी सिंह ने भी नगर निगम को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि रांची में नाली और सड़क निर्माण के नाम पर सिर्फ खुदाई हो रही है, जिससे लोगों को भारी असुविधा हो रही है. उन्होंने बताया कि उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को दो बार उठाया, जिसके बाद एक समिति भी बनी लेकिन स्थितियां जस की तस हैं. आज लोग मुझे टूटी सड़क की तस्वीरें भेजते हैं, सिंह ने कहा.
read more: विधायक हुए साइबर ठगी के शिकार: गाड़ी की नीलामी के नाम पर गंवाए 1.27 लाख रुपये
वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव नहीं करवा रही है.
रांची की सूरत बदल रही है
संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से रांची की सूरत बदल रही है. पहले जहां जमशेदपुर, पलामू, लोहरदगा जाने में 5-6 घंटे लगते थे, अब वही दूरी एलिवेटेड सड़कों की मदद से काफी कम हो गई है.












