Deoghar: देवघरवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से उपेक्षित देवघर से मधुपुर तक की सड़क अब जल्द ही नए सिरे से बनेगी। इस 28 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क मोहनपुर घाट होते हुए गुजरेगी और इसके निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
पथ निर्माण विभाग ने जारी किया टेंडर
पथ निर्माण विभाग ने इस सड़क परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एजेंसियां 22 जुलाई 2025 तक टेंडर दाखिल कर सकती हैं, जबकि टेंडर की तकनीकी व वित्तीय बोलियां 24 जुलाई को खोली जाएंगी।
बरसात के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
हालांकि टेंडर प्रक्रिया जुलाई में पूरी हो जाएगी, लेकिन सड़क निर्माण कार्य मानसून समाप्त होने के बाद ही शुरू किया जाएगा। इस सड़क की वर्तमान हालत काफी खराब है। खासकर बरसात के मौसम में कीचड़, गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
28 किमी सड़क से होगी कनेक्टिविटी में सुधार
देवघर से मधुपुर की दूरी लगभग 28 किमी है। यह सड़क धार्मिक, व्यावसायिक और स्थानीय आवागमन के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती है। सड़क बनने से सफर सुगम और सुरक्षित होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी












