Jharkhand Weather News— झारखंड में आज एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. राज्य के अधिकांश इलाकों में गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इसको लेकर पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने से अगले 12 घंटों में मौसम और भी खराब हो सकता है.
13 जिलों में भारी बारिश का अनुमान, ऑरेंज और येलो अलर्ट
आज झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश के आसार हैं. इनमें खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में सबसे अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना है, जिसके लिए ‘ऑरेंज अलर्ट‘ जारी किया गया है. वहीं, रांची, चतरा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में ‘येलो अलर्ट‘ जारी किया गया है.
रांची का मौसम: दिन भर रुक-रुककर बारिश के आसार
राजधानी रांची में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश का सिलसिला जारी है. तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिन भर रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा.
7 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके बाद भी 8 और 9 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. इसे लेकर पहले से ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है.
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अवश्यक सावधानियां बरतें, बिजली चमकने या तेज बारिश के दौरान खुले में न निकलें, और सुरक्षित स्थानों पर रहें. खेतों या पेड़ों के नीचे रुकने से बचें.












