Bihar Political News: सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक अपनी मुखरता और जन मुद्दों पर आक्रामक तेवरों के लिए चर्चित यूट्यूबर और पूर्व भाजपा नेता मनीष कश्यप ने अब प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है. सोमवार को पटना के शेखपुरा हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने मनीष को पार्टी की सदस्यता दिलाई.
इस दौरान मनीष कश्यप भावुक नजर आए और कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं, कुछ नहीं बोल पा रहा हूं.
PK बोले – मनीष है बदलाव की आवाज
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप का स्वागत करते हुए कहा कि मनीष बिहार का वह बेटा है, जो इसे बदलना चाहता है ताकि आने वाली पीढ़ियों को ‘बिहारी’ कहलाना अपमान न लगे. वह किसी उद्योगपति का बेटा नहीं है, बल्कि संघर्ष और मेहनत से अपनी पहचान बनाई है. आगे PK ने कहा कि जन सुराज में मनीष की भूमिका अहम होगी, क्योंकि वो बदलाव की आवाज हैं.
मनीष बोले – 2025 बिहार के भाग्य का चुनाव होगा
कार्यक्रम में मनीष कश्यप ने भी जोरदार अंदाज में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भाजपा में 13 महीने रहकर मैंने राज्य की सच्चाई देखी. बिहार को बचाना है तो जन सुराज की सरकार जरूरी है.
2025 का चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है. प्रशांत किशोर को मौका दीजिए, हम वादा करते हैं आने वाले 5 साल युवाओं, किसानों और आम जनता के लिए होंगे.
read more- पहाड़ी मंदिर संकट में! सोमवार और मंगलवार रहेगा बंद, जानिए वजह
सोशल मीडिया पर पहले ही दी थी जानकारी
मनीष कश्यप ने पार्टी में शामिल होने से पहले सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा:
“बुझी हुई आश जलाएंगे हम,
घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम,
फिर से नया बिहार बनाएंगे हम”
चनपटिया से लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव
सूत्रों के मुताबिक, मनीष कश्यप आगामी 2025 विधानसभा चुनाव में पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं. पार्टी के इस कार्यक्रम में बेतिया और मोतिहारी से सैकड़ों समर्थक पहुंचे थे.
read more- झारखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी, अगले 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत
BJP से दूरी क्यों?
मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी. लेकिन महज डेढ़ साल में, 7 जून 2025 को उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया. उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि “राज्य में कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न और भाजपा नेतृत्व का मौन रवैया” उन्हें असहज कर रहा था.
क्या मनीष बनेगा बदलाव का चेहरा?
मनीष कश्यप का जन सुराज में शामिल होना पार्टी के लिए युवा वर्ग और सोशल मीडिया बेस को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
अब देखना होगा कि 2025 के चुनाव में क्या मनीष कश्यप बिहार की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा पाएंगे?












