Indian Railways News: दिल्ली से रांची जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12878) में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाजियाबाद और खुर्जा के बीच चलती ट्रेन के जी-5 कोच से अचानक धुआं उठने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश की, जिसमें कुछ लोग घायल भी हो गए।
क्या हुआ हादसे के दौरान?
यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से शाम 4:10 बजे अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। लगभग 5:30 बजे जब ट्रेन गाजियाबाद और खुर्जा के बीच थी, तब जी-5 कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने कोच में मौजूद टिकट परीक्षक (टीटी) को इस बारे में सूचना दी।
टीटी ने तुरंत गार्ड और लोको पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन की रफ्तार धीमी कर दी गई। हालांकि, पूरी तरह रुकने से पहले ही कई यात्रियों ने डर के कारण चलती ट्रेन से कूदने का प्रयास किया। इस घटना में कुछ लोग चोटिल हो गए।
रेलवे कर्मचारियों ने की जांच
ट्रेन रुकने के बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने जी-5 कोच की जांच की। हालांकि, धुआं उठने के कारणों की कोई स्पष्ट जानकारी यात्रियों को नहीं दी गई। लगभग 35 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही और इस दौरान डरे हुए यात्री पटरी के किनारे खड़े रहे। बाद में रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि समस्या ठीक कर दी गई है और यात्रियों से उसी कोच में वापस बैठने को कहा गया।
बड़ी दुर्घटना टलने पर यात्रियों ने ली राहत की सांस
सौभाग्य से इस घटना में कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई। रेलवे ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।












