Jharkhand: बिहार के पूर्णिया जिले के टेटगामा गांव में 6-7 जुलाई की रात आदिवासी परिवार के पांच लोगों की नृशंस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की पीड़ित परिवार से मिलने टेटगामा पहुंचे। उन्होंने घटना को “मानवता पर कलंक” बताते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने और अंधविश्वास के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की अपील की।
डायन-बिसाही के आरोप में पूरे परिवार को जिंदा जलाया
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजीगंज पंचायत स्थित टेटगामा गांव में बाबूलाल उरांव (40), उनकी पत्नी सीता देवी (35), मां मासोमात कातो देवी (65), बेटा मंजीत उरांव (25) और बहू रानी देवी (23) को डायन-बिसाही के झूठे आरोप में पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। बाद में शवों को बोरे में भरकर ट्रैक्टर से खेत के गड्ढे में छिपा दिया गया।
23 नामजद, 150 अज्ञात पर FIR, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना में मुख्य आरोपी नकुल उरांव, जो गांव में तांत्रिक के रूप में कुख्यात था, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके सहयोगी छोटू उरांव और मोहम्मद सनाउल को भी हिरासत में लिया गया है। कुल 23 लोगों को नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
“यह सिर्फ हत्या नहीं, सामाजिक कुरीतियों का परिणाम है” – बंधु तिर्की
पीड़ित परिवार से मिलकर बंधु तिर्की ने कहा:
“टेटगामा की यह घटना अंधविश्वास और अशिक्षा का भयावह परिणाम है। निर्दोष आदिवासी परिवार की हत्या समाज में व्याप्त पाखंड और दबंगई का प्रमाण है। हमारी मांग है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।”
मांगें और राहत
- पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
- अंधविश्वास के खिलाफ गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाए।
- आदिवासी और दलित समुदाय के लिए विशेष सुरक्षा और आजीविका के उपाय लागू किए जाएं।
- शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, और साफ पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर फोकस किया जाए।
बंधु तिर्की ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से ₹21,000 की तात्कालिक आर्थिक सहायता भी दी। उन्होंने जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे नेता
बंधु तिर्की के साथ प्रतिनिधिमंडल में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नीरज खलखो, प्रदेश आदिवासी अध्यक्ष जोसई मार्डी, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष आनंद लकड़ा, कांग्रेस नेता नीरज सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
आदिवासी और दलित समुदाय दहशत में
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। बंधु तिर्की ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों का अंत हो सके।












