Jharkhand: झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव लाने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अब तक की सबसे बड़ी चिकित्सा नियुक्ति की घोषणा की है। इस ऐतिहासिक पहल के तहत 126 विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी (SMO) और 91 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) को नियुक्त किया गया है। इन सभी को 22 जुलाई 2025 को आयोजित समारोह में औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,
“झारखंड के हर जिले में अब विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे। यह सिर्फ नियुक्ति नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य में विश्वास की वापसी है। हमारा लक्ष्य है कि कोई मरीज इलाज के लिए बाहर न जाए, बल्कि उसे अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।”
झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में नया अध्याय
यह नियुक्ति झारखंड राज्य के गठन के बाद से स्वास्थ्य विभाग की अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति मानी जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और सभी चयनित डॉक्टरों के ऑफर लेटर तैयार कर दिए गए हैं।
डॉ. अंसारी ने बताया कि इस बार डॉक्टरों को उनकी पसंद के अनुसार पदस्थापन स्थल चुनने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा उन्हें सम्मानजनक वेतन और सुरक्षा की गारंटी भी सुनिश्चित की गई है।
पिछड़े इलाकों पर खास ध्यान
डॉ. अंसारी ने कहा,
“संथाल परगना और जामताड़ा जैसे पिछड़े क्षेत्रों में विशेष रूप से अधिक संख्या में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। आने वाले समय में इसका सीधा लाभ इन इलाकों के मरीजों को मिलेगा।”
स्वास्थ्य मंत्री का संकल्प
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि उनकी प्राथमिकता झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और भरोसेमंद बनाना है।
“जब तक स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं होती, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा। यह मेरा जनता से किया हुआ वादा है।”
कौन-कौन होंगे मौजूद?
इस ऐतिहासिक मौके पर विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम निदेशक शशि प्रकाश झा, और परियोजना निदेशक अबू इमरान समेत स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।











