Jharkhand News: हिंदी साहित्य भारती (झारखंड इकाई) और केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 27 जुलाई 2025 (रविवार) को एक दिवसीय हिंदी साहित्य गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम रांची स्थित पुराना विधानसभा सभागार, सेक्टर 2 में आयोजित होगा.
गोष्ठी का विषय है- “भारतीय ज्ञान परंपरा और हम”, जो आज के समय में हिंदी साहित्य की सामाजिक भूमिका और सांस्कृतिक उत्तराधिकार की दिशा में एक अहम विमर्श प्रस्तुत करेगा.
मुख्य अतिथि होंगी ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह
झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह इस साहित्यिक आयोजन की मुख्य अतिथि होंगी. उन्होंने 18 जुलाई को अपने रांची आवास पर कार्यक्रम संयोजक अजय राय से भेंट के दौरान इसमें शामिल होने की स्वीकृति दी.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “हिंदी साहित्य की समकालीन प्रासंगिकता और भविष्य पर केंद्रित इस पहल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं. ऐसे प्रयास हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं.”
read more: कोचिंग सेंटरों की मनमानी होगी खत्म, झारखंड सरकार लाएगी रेगुलेशन बिल
साहित्यकारों, शिक्षाविदों और युवाओं का मिलेगा साझा मंच
इस साहित्यिक आयोजन में झारखंड समेत देशभर से प्रख्यात साहित्यकार, शिक्षाविद, मीडिया प्रतिनिधि, चिंतक और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
गोष्ठी के प्रमुख उद्देश्य होंगे:
- हिंदी भाषा और साहित्य की सामाजिक भूमिका पर विचार
- भारतीय ज्ञान परंपरा की वर्तमान समय में प्रासंगिकता
- युवाओं में वैचारिक जागरूकता और भाषिक चेतना का विस्तार
कार्यक्रम से क्या अपेक्षा की जा रही है?
यह गोष्ठी न केवल हिंदी साहित्य के विविध आयामों को उजागर करेगी, बल्कि युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ने, संवाद करने और अपनी संस्कृति की गहराइयों को समझने के लिए एक प्रभावी मंच भी प्रदान करेगी.
read more: झारखंड को जापानी निवेश से मिलेगा बूस्ट! JICA, JETRO और NEC से हुई अहम मुलाकातें













