Ranchi: राजधानी रांची में कांग्रेस पार्टी आगामी सोमवार को जनता दरबार का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान का आश्वासन देंगे। जनता दरबार रांची के कांग्रेस भवन में दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।
पार्टी के अनुसार, इस जनता दरबार में आम नागरिकों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल होंगे। वे मंत्री के सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की आवाज को सीधे सरकार तक पहुंचाना और संगठनात्मक संवाद को मजबूत करना है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह कांग्रेस का नियमित कार्यक्रम है, जिसमें मंत्री इरफान अंसारी जनता और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करते हैं। उम्मीद है कि इस बार जनता दरबार में स्वास्थ्य सेवाओं, स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि ऐसे आयोजन पार्टी को जनता से जोड़ने और उनकी जमीनी समस्याओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कब और कहां?
सोमवार, दोपहर 2:30 बजे
कांग्रेस भवन, रांची












