Jamshedpur: रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू आखिरकार सुरक्षित भारत लौट आए हैं। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के प्रयास और भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से 29 वर्षीय मनीष की वतन वापसी संभव हो सकी। वह 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मनीष 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। 27 अक्टूबर के बाद परिवार से उनका संपर्क टूट गया। इसके बाद उनकी मां नीलम साहू ने झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई।
मनीष ने विभाग को बताया था कि रूस की स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार और दबाव बनाए जाने की भी शिकायत की थी। हालांकि, विभाग ने इन आरोपों का स्वतंत्र सत्यापन नहीं होने की बात स्पष्ट की है।
Read More- कोडरमा के निजी क्लीनिक में 2 माह के नवजात की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा
भारतीय दूतावास ने दी कांसुलर सहायता
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को रांची स्थित प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स और भारतीय दूतावास मॉस्को समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मदद मांगी।
3 नवंबर को भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के अधिकारियों ने निरोध केंद्र में मनीष से मुलाकात की और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई। उस समय उनका स्वास्थ्य सामान्य बताया गया था।
निरोध केंद्र के आदेश में मनीष पर प्रशासनिक अपराध के लिए 4,000 रूबल का जुर्माना और रूस से निष्कासन का आदेश दिया गया था। बाद में न्यायिक बेलीफ की समीक्षा के बाद उन्हें 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति मिली।
Read More- कोडरमा में टीकाकरण के बाद नवजात की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने किया सड़क जाम
जमशेदपुर पहुंचने के साथ ही परिवार की चिंता खत्म
इसके बाद मनीष 25 नवंबर को रूस से रवाना हुए और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। अगले दिन जमशेदपुर पहुंचने के साथ ही परिवार की चिंता खत्म हुई। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने वाले भारतीय अधिकारियों का आभार जताया है। साथ ही विदेश जाने वाले लोगों से वीजा और रोजगार संबंधी दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







