रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दादा और अमर शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद के संघर्ष, साहस और स्वाभिमान को याद करते हुए कहा कि झारखंड आज जिस मुकाम पर खड़ा है, वह राज्य के पुरखों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि सोबरन मांझी की शहादत ने अन्याय और सामंती शोषण के खिलाफ संघर्ष की जो चिंगारी जलाई, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जन आंदोलन का स्वरूप दिया। इसी संघर्ष की विरासत ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि एक समय आदिवासी-मूलवासी समाज को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था, लेकिन आज समाज के लोग स्वाभिमान और निर्भीकता के साथ अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने इस बदलाव को शहीदों के सपनों और संघर्षों का परिणाम बताया।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-देहात से लेकर शहरों तक हर वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य की लगभग 50 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की खुशहाली में अपनी भूमिका मजबूत कर सकें।
अधिकारों और संसाधनों की रक्षा का संकल्प
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के सामने कई चुनौतियां हैं और अपने अधिकारों तथा संसाधनों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लंबे संघर्ष के बाद अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह राज्य अपने हक और अधिकार भी हासिल करेगा। उन्होंने नई पीढ़ी से अपील की कि वह अपने इतिहास, शहीदों और पुरखों के संघर्ष को जाने और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन मांझी का बलिदान प्रेरणा है, उनका संघर्ष झारखंड की विरासत है और उनके सपनों का राज्य बनाना सरकार व समाज का संकल्प होना चाहिए।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








