Ranchi: झारखंड के युवाओं का हुनर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। रांची के धुर्वा निवासी दुष्यन सिंह के स्टार्टअप ‘एकोकिंटसुगी’ (Ekokintsuki) को प्रतिष्ठित बिजनेस पत्रिका ‘फोर्ब्स’ में जगह मिली है। बेकार पड़े चमड़े के टुकड़ों से आकर्षक जूते और हैंडबैग तैयार करने की उनकी अनूठी पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दुष्यन सिंह झारखंड पवेलियन में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका स्टार्टअप चमड़े के उन टुकड़ों का इस्तेमाल करता है, जिन्हें आमतौर पर अनुपयोगी समझकर फेंक दिया जाता है।
बेकार चमड़े को दे रहे फैशन का नया रूप
एकोकिंटसुगी की खासियत इसकी निर्माण प्रक्रिया है। इसमें अलग-अलग जगहों से चमड़े के बचे हुए टुकड़े जुटाए जाते हैं। फिर उन्हें जरूरत के मुताबिक काटकर हाथों से जोड़ा जाता है और आकर्षक फैशन उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
स्टार्टअप के विंगटिप ऑक्सफोर्ड जूते इसकी रचनात्मकता और हस्तनिर्मित शिल्पकला का उदाहरण हैं। इसके अलावा यहां तैयार किए जा रहे हैंडबैग भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
Read More- कोडरमा के निजी क्लीनिक में 2 माह के नवजात की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा
टिकाऊ फैशन को दे रहे बढ़ावा
दुष्यन सिंह की यह पहल फैशन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। बेकार चमड़े का दोबारा इस्तेमाल कर वे संसाधनों की बर्बादी कम करने और टिकाऊ उत्पादन को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं।
इस वर्ष व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। झारखंड पवेलियन में पारंपरिक हस्तशिल्प, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उद्यमिता की झलक देखने को मिल रही है। यहां ढोल वादकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
Read More- कोडरमा में टीकाकरण के बाद नवजात की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने किया सड़क जाम
रांची के इस स्टार्टअप की पहल दिखाती है कि स्थानीय हुनर और नए विचारों के दम पर झारखंड के युवा पर्यावरण अनुकूल कारोबार को नई पहचान दे सकते हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







