रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नियमों की अनदेखी कर सड़क पर स्टंट और रीलबाजी करने वाला युवक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रिंकू खान उर्फ ‘शौकिया गुंडा’ ने बीते दिनों रतन पीपी चौक के पास सड़क के बीचोंबीच कुर्सी लगाकर वीडियो शूट किया था। वीडियो में वह ट्रैफिक और सुरक्षा नियमों की पूरी तरह धज्जियां उड़ाते हुए नजर आया था।
View this post on Instagram
रिंकू पर ट्रैफिक बाधित करने का आरोप
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह मामला रांची पुलिस के संज्ञान में आया। बेखौफ अंदाज़ में नियमों की अनदेखी करने वाले रिंकू पर ट्रैफिक बाधित करने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगा।
हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने रिंकू को हिरासत में लिया
कोतवाली डीएसपी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने रिंकू को हिरासत में लिया। हिरासत में आने के बाद रिंकू ने पुलिस के सामने ‘रांची पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए और माफी मांगते हुए कहा कि वह भविष्य में ऐसा कोई स्टंट या नियमविरुद्ध रील नहीं बनाएगा। इस पूरी कार्रवाई के बाद रिंकू खान ने एक वीडियो जारी करते हुए युवाओं को संदेश दिया कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता के चक्कर में इस तरह की गतिविधियां न करें, क्योंकि यह न सिर्फ उनकी जान को खतरे में डालता है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।













