रांची: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों से नक्सली संगठन काफी कमजोर हो चुके हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी से 20 जुलाई के बीच सुरक्षा बलों ने कुल 17 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इनमें सबसे बड़ा नाम विवेक उर्फ प्रयाग मांझी का है, जिसे हाल ही में सुरक्षा बलों ने ढेर किया। इसके अलावा कई नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस समय पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि सितंबर माह तक झारखंड को नक्सल मुक्त बना दिया जाएगा।
read more: ऐतिहासिक होगा विश्व आदिवासी दिवस, अरिजीत-श्रेया से लेकर झारखंडी कलाकारों का दिखेगा संगम
पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो के प्रवक्ता ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
इसी के मद्देनज़र अब नक्सली भी फिर से संगठित होने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे किसी बड़े विरोध की रणनीति पर काम कर रहे हैं। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में 3 अगस्त 2025 को बंद का आह्वान किया है। संगठन ने हाल के महीनों में अपने सदस्यों पर की गई कार्रवाई और एनकाउंटर में हुई मौतों के विरोध में यह कदम उठाया है। भाकपा माओवादी की पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो के प्रवक्ता संकेत की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बंद की घोषणा की गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि “विवेक सहित आठ माओवादियों की हत्या और ‘ऑपरेशन कगार’ के नाम पर किए जा रहे फासीवादी दमन के खिलाफ हम 3 अगस्त को एक दिवसीय बंद का आयोजन कर रहे हैं।”
read more: झारखंड में धानरोपनी बना फोटोशूट का मंच, अधिकारी और नेता असली मुद्दों से बेखबर
देशभर में स्मृति सभाओं की योजना
संगठन ने बंद के साथ-साथ देशभर में स्मृति सभाएं आयोजित करने की भी घोषणा की है। इन सभाओं के ज़रिए मारे गए नक्सलियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके लिए माओवादी समर्थकों को अंडरग्राउंड बैठकें करने के निर्देश भी दिए गए हैं।













