Ranchi News: रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। सोमवार को आदित्य साहू के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी में, वह भी विधानसभा के पास, एक आदिवासी गार्ड की हत्या होना बेहद गंभीर मामला है और यह सरकार की विफलता को दिखाता है।
Ranchi News: झारखंड में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य से बाहर व्यस्त हैं, जबकि यहां अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर के आसपास अवैध नशे का कारोबार बढ़ रहा है, जिससे आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक के परिवार के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की। पार्टी की ओर से 50 हजार रुपये की मदद भी दी गई।
मौके पर संजय सेठ समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बीजेपी ने मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों की भागीदारी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।












