Ranchi: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (DSPMU) रांची कैंपस में सोमवार को माहौल तनावपूर्ण रहा। सुबह से ही सैकड़ों छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की एक महिला कर्मी निकिता हेरेंज ने बाहरी लोगों को कैंपस बुलाया, जिन्होंने छात्रों के साथ मारपीट की और हथियार लहराए।
छात्रों ने कहा कि शनिवार को हुए इस कथित घटनाक्रम का वीडियो भी उनके पास है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बाहरी लोग कैंपस में घूम रहे थे। छात्रों ने निकिता हेरेंज को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की और रजिस्ट्रार ऑफिस के बाहर नारेबाजी की।
करीब 4 बजे लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन छात्रों का गुस्सा कम नहीं हुआ। उनका कहना था कि कॉलेज प्रशासन इस गंभीर मामले पर चुप्पी साधे बैठा है।
VC ने संभाला मोर्चा
बढ़ते विवाद को देखते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति अनजनी कुमार मिश्रा खुद कैंपस पहुंचे। उन्होंने छात्रों से वार्ता करने की कोशिश की और मामले को सुलझाने का भरोसा दिया। फिलहाल छात्र नेताओं और यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच बातचीत जारी है।
निकिता हेरेंज का पक्ष
वहीं, आरोपों से घिरी महिला कर्मी निकिता हेरेंज ने पूरे मामले को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा, “यह आरोप पूरी तरह झूठा है। जिन बाहरी लोगों की बात छात्र कर रहे हैं, वे मेरे मंगेतर और उनके दोस्त थे। शनिवार के जिस वीडियो का हवाला दिया जा रहा है उसमें कहीं भी मारपीट या हथियार दिखाने की बात नहीं है।”
निकिता हेरेंज ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ छात्र नेता उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को करीब 3 बजे कुछ छात्र नेता उनके चैंबर में घुस आए थे। उस वक्त वह अपने सहयोगियों के साथ लंच कर रही थीं। बाहर जाने के लिए कहने पर छात्र नेताओं ने उन्हें धमकाया और झूठे आरोप लगाने लगे। इस पर उन्होंने अपने मंगेतर को फोन कर मदद मांगी।
क्या है छात्रों की मांग?
छात्र संगठन महिला कर्मी को तत्काल निलंबित करने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा।
पुलिस और प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में
घटना के कई घंटे बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। छात्र नेताओं ने कहा कि अगर कैंपस में बाहरी तत्वों की घुसपैठ हुई है तो यह सुरक्षा में बड़ी चूक है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








