Ranchi: बेड़ों एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह में इस बार 280 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के टॉपर सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किया।
मंत्री शिल्पी ने इस अवसर पर कहा,
“यह सम्मान सफलता की पहली सीढ़ी है, लेकिन जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत और निरंतरता बेहद आवश्यक है। समय का सदुपयोग करें और शिक्षा को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं।”
बेटियों का दबदबा, शिक्षा में रच रहे इतिहास
इस बार बेड़ों प्रखंड की छात्राओं ने मैट्रिक और इंटर के सभी संकायों में टॉप किया। मैट्रिक की टॉपर श्रुति कुमारी ने 94% अंक हासिल किए, जबकि इंटर साइंस में कल्याणी कुमारी (90%), कॉमर्स में मोनिका कुमारी (76%) और आर्ट्स में उषा कुमारी (82%) ने बाजी मारी।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से ग्रामीण प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह परंपरा जारी है। आज बेटियां टॉपर लिस्ट में आकर “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” के सपने को साकार कर रही हैं।
नई शिक्षा नीति पर साधा निशाना
शिल्पी ने केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा:
“साल 2020 में बिना तैयारी के नई शिक्षा नीति थोप दी गई। इसका परिणाम यह हुआ कि स्कूलों पर अचानक दबाव बढ़ा, छात्रों के बैठने की व्यवस्था और शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं सामने आईं। यह ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश है।”
शिक्षा को बताया गरीबी मिटाने का हथियार
मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे धर्म और राजनीति के झमेलों से बचकर शिक्षा पर ध्यान दें। उन्होंने कहा:
“अगर गरीबी के दलदल से बाहर निकलना है और भविष्य में कुछ बनना है तो शिक्षा से नाता जोड़ना होगा।”
सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजी शाम
समारोह की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
सम्मान समारोह में मौजूद गणमान्य
इस अवसर पर बेड़ों अंचलाधिकारी प्रताप मिंज, प्राचार्य हेंडरिता मिंज, जिला परिषद सदस्य बेरोनिका कच्छप, उप प्रमुख मुद्दसिर हक, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, नवल किशोर सिंह, मुखिया सुशांति भगत, और कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












