Ranchi: राजधानी के यातायात को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत पुरानी अरगोड़ा चौक (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड-018) से नयासराय होते हुए पुदांग के रास्ते रिंग रोड तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
इस 6.71 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क पर दो पुल भी बनाए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए 31.4 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की है और टेंडर जारी कर दिया गया है। 18 अगस्त को निविदा फाइनल की जाएगी और 14 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
Read More: दरोगा पर छात्रा से शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, महिला थाना में केस दर्ज
इस सड़क से होंगे ये फायदे
- जाम से राहत: पुरानी अरगोड़ा चौक से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक सीधी और चौड़ी सड़क बनने से इलाके में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
- बेहतर कनेक्टिविटी: सड़क के निर्माण से डीएवी आलोक, आईआईएम रांची, नयासराय और आसपास के क्षेत्रों को रिंग रोड से तेज़ और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।
- यात्रा समय होगा कम: फोरलेन सड़क के कारण आवागमन सुगम होगा और समय की बचत होगी।
जमीन अधिग्रहण और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू
पथ निर्माण विभाग ने बताया कि इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भू-अर्जन विभाग के सहयोग से रैयतों को नोटिस जारी किया जाएगा। 80 फीसदी जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सड़क के रास्ते में आने वाले अवैध कब्जों और अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।
दो जगह बनेंगे पुल
- पुरानी अरगोड़ा चौक से करीब दो किमी आगे एक पुल का निर्माण होगा।
- दूसरा पुल डीएवी आलोक के पास बनाया जाएगा।
पथ निर्माण विभाग का कहना
विभाग के इंजीनियरों ने बताया कि यह सड़क राजधानी के ट्रैफिक सिस्टम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके बनने से रांची के दक्षिणी हिस्से में बेहतर आवागमन के विकल्प उपलब्ध होंगे।












