Business News: गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है. बाजार की शुरुआत लाल निशान में हुई और निवेशकों के बीच भारी अशांति देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 594.99 अंक टूटकर 80,882.18 पर और निफ्टी 139.75 अंक गिरकर 24,644.65 पर ट्रेड करता नजर आया.
अमेरिकी टैरिफ ऐलान का असर
बाजार में इस गिरावट की बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा मानी जा रही है. बुधवार को ट्रंप ने भारतीय आयात पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया, जिससे निवेशकों में घबराहट फैल गई. इसके असर से बाजार में हड़कंप मच गया और बिकवाली का दबाव बना.
टॉप 30 में 26 शेयर गिरे
सुबह 9:20 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 500 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 81,006.65 और निफ्टी 160 अंक टूटकर 24,688 के स्तर पर पहुंच गया.
टॉप 30 कंपनियों में से 26 के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. सबसे ज्यादा गिरावट टाटा मोटर्स, रिलायंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और भारती एयरटेल के शेयरों में देखी गई, जो करीब 2% तक लुढ़के.
जोमैटो के शेयरों में उछाल
इस गिरते बाजार के बीच कुछ कंपनियों ने अच्छा प्रदर्शन भी किया. जोमैटो के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई. इसके अलावा तीन अन्य कंपनियों के शेयर भी हरे निशान में नजर आए.
निवेशकों के लिए सलाह: मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और अमेरिका-भारत व्यापार तनाव को देखते हुए निवेशकों को सतर्कता बरतने और जल्दबाज़ी में फैसले लेने से बचने की सलाह दी गई है.













