Entertainment News: तमिल सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन और अभिनेता मदन बॉब का शनिवार शाम 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वे बीते लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उन्होंने अपने चेन्नई स्थित अद्यार घर में अंतिम सांस ली. उनके निधन से दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
प्रभु देवा ने जताया शोक
प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक और कोरियोग्राफर प्रभु देवा ने मदन बॉब को श्रद्धांजलि देते हुए अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा:
“हमने साथ में स्क्रीन शेयर की है और उनकी मौजूदगी सेट पर हमेशा खुशी लाती थी. वो हंसमुख, दयालु और हास्य से भरपूर व्यक्ति थे. उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना. वे हमेशा याद किए जाएंगे.”
करियर की शुरुआत संगीत से की थी
मदन बॉब का असली नाम एस. कृष्णमूर्ति था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर संगीतकार की थी. बाद में उन्होंने निर्देशक बालू महेंद्र की फिल्म नींगल केट्टावई (1984) से एक्टिंग में डेब्यू किया. उनकी पहली ही भूमिका इतनी प्रभावशाली रही कि उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलने लगे.
200 से अधिक फिल्मों में अभिनय
मदन बॉब ने करीब चार दशकों तक तमिल फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहकर 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उनकी कुछ यादगार फिल्में हैं:
- नेंगल केट्टावई (1984)
- वानामे एल्लई (1992)
- थेवर मगन
- सथी लीलावती
- चंद्रमुखी
- रन
- वरलारू
- वसूल राजा एमबीबीएस
- कावालन
तमिल सिनेमा के हर बड़े स्टार के साथ किया काम
मदन बॉब ने रजनीकांत, कमल हासन, विजय, अजीत और सूर्या जैसे तमिल सिनेमा के दिग्गजों के साथ स्क्रीन साझा की. उनकी कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस उन्हें दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाते थे.
read more- बच्चे के नाम पर PPF अकाउंट खोलकर बनाएं लाखों का फंड, जानिए नियम और फायदे













