Ranchi: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची में निदेशक पद को लेकर जारी असमंजस के बीच झारखंड सरकार ने डॉ दिपेन्द्र कुमार सिन्हा को छह महीने का सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हुए डॉ सिन्हा अब 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक निदेशक का प्रभार संभालेंगे।
रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में लिया गया फैसला
राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, रिम्स के प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में उनकी सेवा अवधि बढ़ाने पर सहमति बनी थी।
इससे पहले 25 जून 2026 को जारी विभागीय अधिसूचना के जरिए डॉ सिन्हा को कार्यकारी व्यवस्था के तहत निदेशक का प्रभार सौंपा गया था। अब सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें इस जिम्मेदारी में बनाए रखने के लिए निर्धारित आयु सीमा के प्रावधान में छूट दी गई है।
डॉ सिन्हा को नियमित निदेशक नियुक्त होने का अधिकार नहीं मिलेगा
हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी होगी। इससे डॉ सिन्हा को नियमित निदेशक नियुक्त होने का अधिकार नहीं मिलेगा। नियमित निदेशक के योगदान देते ही उनका कार्यकारी प्रभार स्वतः समाप्त हो जाएगा। सरकार लोकहित में इस व्यवस्था को कभी भी खत्म कर सकती है।
सेवा विस्तार के दौरान वेतन और भत्तों का भुगतान रिम्स के स्वीकृत बजट से किया जाएगा। अधिसूचना मुख्यमंत्री के आदेश से मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में जारी की गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








