रांची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल रिम्स (RIMS), रांची में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित रिम्स गवर्निंग बॉडी की 66वीं बैठक में करीब 466 करोड़ रुपये की विकास योजना, 10 नए विभागों की स्थापना और मेडिकल शिक्षा के विस्तार समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने कहा कि रिम्स में मरीजों को बेहतर इलाज, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने और संसाधनों का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
10 नए विभागों की स्थापना की तैयारी
रिम्स में मेडिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी एवं रूमेटोलॉजी, क्लिनिकल हेमेटोलॉजी, कार्डियक एनेस्थीसिया, न्यूरो एनेस्थीसिया, इमरजेंसी मेडिसिन, मेडिकल जेनेटिक्स, न्यूक्लियर मेडिसिन और हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग स्थापित करने की पहल की गई है। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
बैठक में PG की सीटें 176 से बढ़ाकर 256 और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें 11 से बढ़ाकर 150 करने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। रिम्स में वर्तमान में MBBS की 250 सीटें हैं। इसके अलावा गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 200 से अधिक वेंटिलेटर उपलब्ध कराने तथा अल्ट्रासाउंड, इको और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
नर्स, हॉस्पिटल मैनेजर और आयुष्मान मित्रों की होगी पहल
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 106 नए नर्स पद सृजित करने और 12 हॉस्पिटल मैनेजर नियुक्त करने की पहल की जाएगी। वहीं, आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभुकों की मदद के लिए 100 आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति का निर्देश दिया गया है। इसके लिए 15 दिनों के भीतर रिक्तियों का विज्ञापन जारी करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं में सुधार
रिम्स के भवनों, छात्रावासों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 466 करोड़ रुपये की योजना पर काम किया जाएगा। बैठक में आधुनिक बर्न वार्ड विकसित करने, लिफ्ट व्यवस्था दुरुस्त करने और जरूरतमंद परिवारों के लिए मोक्ष वाहन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए पहले चरण में 100 होमगार्ड जवानों को हटाकर एसएपी जवानों की तैनाती की प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया। परिसर में पास और पहचान पत्र की व्यवस्था भी लागू करने की पहल होगी।
मंत्री ने पहले उपलब्ध कराई गई लगभग 240 करोड़ रुपये की राशि के उपयोग का विवरण भी मांगा। वहीं, फैकल्टी के पद 319 से बढ़ाकर 335 करने और नॉन-टीचिंग पदों को 1,962 से घटाकर 1,862 करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के लिए स्थायी समितियों की संख्या पांच से बढ़ाकर 10 करने का निर्णय भी लिया गया।
जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की पहल
रिम्स की बैठक से पहले जामताड़ा में PPP मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए आशय पत्र (LOI) जारी किया गया। इस पहल से क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि रिम्स को झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत आधार बनाना जरूरी है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घोषणाओं के बजाय योजनाओं का असर जमीन पर दिखना चाहिए और मरीजों को बेहतर सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








