रांची: रांची रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। स्टेशन के साउथ गेट का काम अंतिम चरण में है। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे कॉलोनी होकर दो अतिरिक्त रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों रास्तों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने की योजना है। इनके शुरू होने से चुटिया, कांटाटोली, सुजाता और अरगोड़ा की ओर से आने वाले यात्रियों को स्टेशन के साउथ गेट तक पहुंचने में आसानी होगी।
दुर्गा पूजा से शुरू हो चुकी है साउथ गेट से आवाजाही
रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट से दुर्गा पूजा के दौरान ही यात्रियों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी। यहां टिकट काउंटर, पार्किंग समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। फिलहाल यात्री नेपाल हाउस की ओर से या राजेंद्र चौक के पास ओवरब्रिज के नीचे से निवारणपुर होते हुए साउथ गेट पहुंच सकते हैं।
रेलवे कॉलोनी से होकर बन रहे दो नए रास्ते
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। पहला रास्ता सेरसा स्टेडियम की चहारदीवारी के पास से चुटिया रोड होते हुए फ्लाइओवर तक पहुंचेगा। वहीं, दूसरा रास्ता सिरमटोली के पास आरआरबी बिल्डिंग की बायीं ओर से रेलवे कॉलोनी होते हुए चुटिया रोड और फ्लाइओवर तक जाएगा।
इन दोनों रास्तों को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है। इनके शुरू होने से चुटिया, कांटाटोली, सुजाता और अरगोड़ा की ओर से आने वाले यात्रियों को स्टेशन के साउथ गेट तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
जनवरी 2027 से बंद हो जाएगा नॉर्थ गेट
नये रास्तों के अलावा यात्री बहू बाजार और चुटिया मार्ग से फ्लाइओवर होते हुए भी साउथ गेट पहुंच सकेंगे। जनवरी 2027 से स्टेशन का नॉर्थ गेट बंद किए जाने की योजना है। इसके बाद स्टेशन आने-जाने की व्यवस्था में बदलाव होगा।
ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की जानकारी रखनी होगी। साथ ही स्टेशन पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलना होगा। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन के विस्तारीकरण के साथ यात्रियों की आवाजाही को आसान और सुविधाजनक बनाना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








