रांची, 7 अगस्त 2025 – स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा को सफल बनाने हेतु आज सुखदेव नगर दक्षिणी मंडल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अशोक मिश्रा ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दीनदयाल बरनवाल उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए दीनदयाल बरनवाल ने कहा कि 10 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर में जाकर तिरंगा फहराना, लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से अवगत कराना और देश की आज़ादी के संघर्ष एवं प्रमुख घटनाक्रमों की जानकारी देना, हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा, “हर घर तिरंगा यात्रा एक जन-आंदोलन है, जिसमें हमें हर मोहल्ले, हर गली में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ जनमानस को जोड़ना है।”
इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
इस मौके पर जिला महामंत्री जितेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष राजू सिंह, मुकेश मुक्ता, नीरज पासवान समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा सके।













