Jharkhand: गोड्डा जिले के ललमटिया जंगल में पुलिस ने सोमवार को कुख्यात अपराधी सूर्या हांसदा का एनकाउंटर कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूर्या हांसदा पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे और वह इलाके में लंबे समय से सक्रिय था। हैरानी की बात यह है कि सूर्या हांसदा बोरियो विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुका था।
पुलिस को ललमटिया जंगल में सूर्या की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी में सूर्या हांसदा ढेर हो गया। घटना के बाद ललमटिया क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूर्या हांसदा पर हत्या, लूट, रंगदारी व अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे दर्ज थे। उसकी आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र के लोग लंबे समय से दहशत में थे।













