Jharkhand: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-20 बायपास रोड स्थित ए.आर. यामाहा इंटरप्राइजेज शोरूम में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने वर्कशॉप का छत काटकर शोरूम में प्रवेश किया और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के नकद व मोटर पार्ट्स लेकर फरार हो गए।
कैसे हुई चोरी?
शोरूम संचालक अभिषेक कुमार ने बताया कि वर्कशॉप मैनेजर विशाल सिंह ने रोज की तरह रविवार रात शोरूम बंद किया था। लेकिन सोमवार सुबह जब वे पहुंचे तो देखा कि एलबेस्टर की छत कटी हुई थी। छानबीन करने पर पाया गया कि –
- कैश काउंटर से 80 हजार रुपये नगद गायब थे।
- स्पेयर पार्ट्स एरिया से लगभग 50 हजार रुपये मूल्य के पार्ट्स चोरी हो गए।
- ऑफिस से दो मोबाइल फोन भी गायब मिले।
चोरों ने CCTV कैमरे का पूरा वायरिंग सिस्टम काट दिया, ताकि घटना की कोई भी रिकॉर्डिंग न हो सके। इससे साफ है कि चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस का कहना है कि शोरूम के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।
इलाके में बढ़ रही चोरी की वारदातें
पिछले एक हफ्ते में कोडरमा जिले में आधे दर्जन से ज्यादा चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
- हाल ही में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इन घटनाओं पर नाराजगी जताई और एसपी को रोकथाम के सख्त निर्देश दिए।
- इसी इलाके में दो माह पूर्व TVS शोरूम में भी लाखों रुपये कैश और बाइक पार्ट्स चोरी हुए थे।













