Bihar News: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होनी है। इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि आज की बैठक में कई ऐसे फैसले लिए जा सकते हैं जिनका सीधा प्रभाव आम जनता पर पड़ेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ राज्य के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बीते हफ्ते हुई कैबिनेट बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को मंजूरी दी गई थी।
read more- पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था अमन साहु गैंग, मयंक सिंह का बड़ा खुलासा
महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजना
इस योजना के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक परिवार से एक महिला को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता राशि दी जाएगी। इसकी आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी ग्रामीण विकास विभाग को सौंपी गई है।
राज्य सरकार ने यह भी ऐलान किया है कि सितंबर महीने से महिलाओं के बैंक खातों में राशि का ट्रांसफर शुरू कर दिया जाएगा। योजना में यह भी प्रावधान है कि रोजगार शुरू करने के छह महीने बाद महिलाओं के काम का मूल्यांकन किया जाएगा। अगर आवश्यकता पड़ी तो उन्हें ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी।
नीतीश सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि आज की कैबिनेट बैठक में भी इसी तरह की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगेगी।













