Jharkhand: झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत झारखंड के लिए लंबित ₹2,27,65,65,128/- (दो अरब सताईस करोड़ पैंसठ लाख पैंसठ हजार एक सौ अठाईस रुपये) की राशि तत्काल जारी करने की मांग की है।
मंत्री डॉ. अंसारी ने आरोप लगाया कि केंद्र की लगातार उदासीनता और सौतेला रवैया झारखंड के लाखों गरीब परिवारों को योजना का पूरा लाभ लेने से रोक रहा है।
डीलरों का भुगतान लंबित, प्रदर्शन तेज
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि डीलर कमीशन, परिवहन और हैंडलिंग चार्जेज़ का भुगतान महीनों से अटका हुआ है। इसके कारण प्रदेशभर में डीलरों और आपूर्ति कर्मियों में असंतोष और विरोध प्रदर्शन बढ़ गए हैं।
जन वितरण प्रणाली पर संकट
उन्होंने कहा,
“यह केवल वित्तीय अड़चन नहीं है, बल्कि झारखंड की खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर सीधा संकट है। यदि केंद्र ने जल्द कदम नहीं उठाया तो राज्य में जन वितरण प्रणाली (PDS) बाधित हो सकती है और करोड़ों गरीब परिवार प्रभावित होंगे।”
केंद्र को दी कड़ी चेतावनी
मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह नकारात्मक रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा,
“मैं पहले भी कई बार केंद्रीय मंत्री को पत्र लिख चुका हूं। अगर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो मैं स्वयं दिल्ली जाकर अपनी बात रखूंगा। झारखंड की जनता ने हमेशा केंद्र पर भरोसा किया है, और इस भरोसे को टूटने नहीं दिया जाएगा।”













