Jharkhand News: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नरेश नगर में शनिवार शाम एक बड़ी ठगी की घटना सामने आई है। खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर आए अज्ञात ठगों ने गहनों की सफाई के नाम पर लगभग 3 लाख रुपए के सोने के जेवरात लेकर चंपत हो गए।
कैसे हुई ठगी?
गृहस्वामी सत्यजीत कुमार उर्फ गोलू की मां ने बताया कि शाम करीब 4 बजे एक अज्ञात युवक घर आया और खुद को किसी कंपनी का प्रचारक बताते हुए बर्तन व गहनों की सफाई की बात कही। उस वक्त घर पर सिर्फ वह और उनकी बहू मौजूद थीं। युवक ने पहले बर्तन साफ कर विश्वास दिलाया, फिर सोने के टॉप्स, चेन, अंगूठी, झुमके और ढोलना साफ करने के बहाने एक बर्तन में रखवा लिए।
इस बीच उसका एक साथी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से मौके पर पहुंचा। दोनों ने महिलाओं को झांसे में लेकर उनके हाथों में केमिकल लगा दिया और जल्दी से उसे धोने को कहा। जैसे ही महिलाएं अंदर गईं, दोनों ठग गहनों सहित फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दोनों ठगों की घर में एंट्री और बाहर निकलने की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
पीड़ित का थाना में आवेदन
घटना के बाद पीड़ित परिवार द्वारा तिलैया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।












