Dhanbad: धनबाद जिले के निरसा स्थित एक स्कूल के हॉस्टल में 10वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। आरोप है कि हॉस्टल में रहने वाले कुछ सीनियर छात्रों ने छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार किया और बेल्ट से उसकी पिटाई की।
मोबाइल के जरिए पैसे ट्रांसफर करने को लेकर विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात हॉस्टल के कमरे में हुई। बताया जा रहा है कि मोबाइल के जरिए पैसे ट्रांसफर करने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि कुछ छात्रों ने पीड़ित के हाथ रस्सी से बांध दिए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया गया।
वायरल वीडियो में छात्र के साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि आरोपी छात्रों ने पीड़ित को घटना की जानकारी किसी को देने से मना किया था। डर के कारण छात्र करीब दो दिनों तक चुप रहा और स्कूल की नर्स से दवा लेकर अपनी तकलीफ छिपाता रहा।
पिता ने स्कूल प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की
पीड़ित छात्र गोविंदपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित के पिता ने स्कूल प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
वहीं स्कूल प्रबंधक सी.के. यादव ने कहा है कि मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।









