झरिया: झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला में शनिवार को एक प्रेम प्रसंग के चलते दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। झगड़े ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया, जब आक्रोशित लोगों ने बस्ताकोला टॉप (टीओपी) पर धावा बोल दिया और एक हवलदार व उनके पुत्र को पीट डाला। पुलिस पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
युवती का प्रेस प्रसंग बना विवाद का कारण
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विवाद की जड़ एक युवती का प्रेम प्रसंग है। युवती पहले रिंकू नामक युवक से प्रेम करती थी, जो पांच साल पहले एक आपराधिक मामले में जेल गया था। जेल जाने के बाद युवती ने लड्डू नामक युवक से विवाह कर लिया। रिंकू के जेल से छूटने के करीब दस दिन बाद युवती फिर रिंकू के पास चली गई, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने पति लड्डू के पास लौट आई। लड्डू ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिससे विवाद और गहराया। इसके बाद रिंकू अपने साथियों के साथ लड्डू को ढूंढने माइंस रेस्क्यू पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। हालात तब और बिगड़े जब बस्ताकोला पेट्रोल पंप के पास सड़क पर एक बार फिर दोनों गुट भिड़ गए। इस झगड़े में लड्डू का साथी मुन्ना रजवार घायल हो गया।
Read more: बोकारो की सबसे कम उम्र की मुखिया दो दिनों से लापता, पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया
पुलिसकर्मी और उनके पुत्र को पीटा
वहीं घटना से नाराज़ लोगों ने बस्ताकोला टीओपी पर हमला बोल दिया। हमले में हवलदार ललित कुमार यादव और उनके पुत्र को पीटा गया। साथ ही, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोला पंडित नामक युवक को हिरासत में लिया और मौके से उपद्रवियों की एक बाइक जब्त की है। झरिया इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।












