National News– राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। एक चलती बस में अचानक आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान और केमिस्ट एसोसिएशन से जुड़े मनोज भाटिया शामिल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा उस समय हुआ जब बस पोकरण में एक मेडिकल स्टोर के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए रवाना थी। बस में अचानक आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए। 19 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि 79 वर्षीय हुसैन खां ने इलाज के दौरान जोधपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल 15 लोगों में 2 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं, जो 70% तक जल चुके हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री पहुंचे मौके पर, राहत कार्य तेज
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और वहां मौजूद विधायक महंत प्रताप पुरी, कलेक्टर प्रताप सिंह नाथावत और एसपी अभिषेक शिवहरे से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और घायलों से मिलने जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल भी पहुंचे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, शवों की DNA जांच होगी
प्रशासन के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो रही है। ऐसे में डीएनए जांच के जरिए पहचान की जाएगी, और परिजनों से संपर्क करने की अपील की गई है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।













