Jharkhand News: दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में आसमान आंशिक रूप से बादल रह सकता है और कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे 24 और 25 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में हल्की वर्षा हो सकती है।
विभाग ने यह भी बताया है कि 21 से 23 अक्टूबर के बीच सुबह के समय राज्य के कई हिस्सों में कोहरा और हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन दोपहर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।
अक्टूबर के अंत तक उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे धीरे-धीरे ठंड का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, दीपावली के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
राजधानी रांची में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 18 से 22 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर पाकुड़, सिंहभूम और साहिबगंज में गर्मी अधिक महसूस की जा सकती है। हजारीबाग जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री तक दर्ज किया गया है, जो ठंड की शुरुआत का संकेत है।







