Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने मुख्यमंत्री को 24 से 26 अक्टूबर तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाली चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहा है। रांची में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उनका कहना था कि इसका भव्य, शानदार और सफल आयोजन होना चाहिए ताकि खेलों के क्षेत्र में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत हो।
खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। यह प्रतियोगिता झारखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन का अवसर प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।












